प्रदेश के स्वास्थ्य, परिवार व समाज कल्याण मंत्री ने राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती मरीजों का हालचाल जाना। साथ ही निर्माणाधीन बेस चिकित्सालय का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और बेस चिकित्सालय के बाकी कार्य को भी टाइम बॉन्ड प्रोग्राम के तहत पूरा करने के निर्देश दिये।
स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि खराब स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी के लिए कोटद्वार में संयुक्त चिकित्सालय की जगह आधुनिक सुविधाओं से युक्त बेस चिकित्सालय बनाया जा रहा है। आने वाले महीनों में बेस चिकित्सालय भवन तैयार हो जाने पर चिकित्सालय में डॉक्टरों सहित अन्य कर्मचारियों के अतिरिक्त पदों के सृजन का काम पूरा किया जाएगा।
वहीं, अस्पताल में एमआरआई, किडनी से पत्थरी का इलाज करने वाली लीथो ट्रिप्सी मशीन सहित अन्य आधुनिक मशीनों को लगाया जाएगा। इससे पर्वतीय क्षेत्रों सहित दूरदराज से आने वाले मरीजों को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने क्षतिग्रस्त दीवार का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पीड़ित परिजनों को शीघ्र ही क्षतिग्रस्त दीवार बनाये जाने सहित क्षतिग्रस्त मकान की भरपाई करने का भरोसा दिया।
इस मौके पर ब्लाक प्रमुख सुरेश असवाल, विधायक प्रतिनिधि डा. एनके जखमोला, सभासद बीडी नवानी, सीएमएस डा. आईएस सामंत, वरिष्ठ फिजीशियम डा. जेसी ध्यानी, डॉ. एसडी आर्य सहित अन्य स्पेशलिस्ट डॉक्टर मौजूद थे।