राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिला स्तरीय पदाधिकारियों की बैठक में प्रदेश सरकार से कर्मचारियों के वेतन विसंगति से जुड़े प्रकरणों के शीघ्र निराकरण की मांग उठाई गई। उपनल और संविदा कर्मियों को समय पर वेतन नहीं मिलने पर आक्रोश जताया गया।
बैठक में परिषद के प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश तिवारी ने कहा कि एसीपी की व्यवस्था को पूर्व की भांति 10, 16, 26 वर्ष की संतोषजनक सेवा पर दिए जाने की मांग की जा रही है। कहा कि कर्मचारियों के गोल्डन कार्ड अभी तक नहीं बनाए गए हैं, जिससे विभागीय कर्मियों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। कहा कि उपनल और संविदा कर्मियों को समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक संकट से जूझना पड़ रहा है। कहा कि मांगों को लेकर संगठन की अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी से कई दौर की वार्ता हो चुकी है, लेकिन अभी तक मांगों का निराकरण नहीं हो पाया है। उन्होंने कर्मचारियों से परिषद के नवंबर माह में प्रस्तावित मंडलीय सम्मेलन को सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष प्रकाश चौधरी, मंडलीय उपाध्यक्ष श्याम सिंह, आईटीआई कर्मचारी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज कुमार, डिप्लोमा इंजीनियर निर्माण विभाग के शाखा अध्यक्ष अभिनव दीक्षित, वन विभाग दैनिक श्रमिक संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्र प्रकाश, भारत सिंह बिष्ट आदि ने विचार रखे।