बीईएल रोड पर राजस्व टीम को देखते ही उपखनिज परिवहन कर रहे डंपरों के चालक वाहन छोड़कर भाग खड़े हुए। तहसील प्रशासन ने अवैध परिवहन समेत कई मामलों में खामियां पाते हुए पांचों डंपरों को सीज कर दिया है। ये डंपर एक रवन्ने पर दिन में कई चक्कर काट रहे थे।
एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि बुधवार रात पांच डंपर उपखनिज लेकर कौड़िया के रास्ते यूपी क्षेत्र में जा रहे थे। चेकपोस्ट पर राजस्व और संयुक्त टास्क फोर्स की टीम ने उन्हें जांच के लिए रोका, तो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। बताया कि बृहस्पतिवार सुबह वाहनों के मालिकों को बुलाया गया और नापजोखकर उपखनिज उनकी सुपुर्दगी में दिया गया है। वाहन सीज कर दिए गए हैं। उन पर जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है।
एसडीएम ने बताया कि कोटद्वार क्षेत्र के उपखनिज भंडारणों से यूपी और हरिद्वार क्षेत्र में जा रहे रेत, बजरी समेत उपखनिज के वाहनों में ओवरलोडिंग समेत कई खामियों की शिकायत मिलने पर नियमित जांच की जा रही है। उपखनिज चोरी रोकने के लिए जहां कौड़िया चेक पोस्ट और लालढांग मार्ग पर चिलरखाल में सीसीटीवी लगाए गए हैं, वहीं जीएसटी के कौड़िया चेकपोस्ट पर लगे धर्मकांटा को भी शुरू करा दिया गया है। यहां पर संयुक्त टास्क फोर्स वाहनों पर नजर बनाए हुए हैं। उपखनिज के वाहनों के आवागमन का रजिस्ट्रर बनाया गया है। भंडारणों के रवन्नों की जांच के लिए बार कोडिंग मशीन भी उपलब्ध करा दी गई है।