निचली अदालत का आदेश बरकरार
कहा-मुकदमा अंतिम बहस के चरण में पहुंचने के बाद संशोधन की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। स्वर्गाश्रम ट्रस्ट से जुड़े मुकदमे में जवाबदेह में संशोधन की मांग को लेकर दायर निगरानी याचिका अपर जिला जज रजनी शुक्ला की अदालत ने खारिज कर दी है। अदालत ने निचली अदालत के उस आदेश को सही ठहराया जिसमें संशोधन की अर्जी निरस्त कर दी गई थी।
मामले के अनुसार, स्वर्गाश्रम ट्रस्ट और अमित गुप्ता के बीच चल रहे लघुवाद में अमित गुप्ता ने जवाबदेह में कुछ अतिरिक्त तथ्य शामिल करने के लिए संशोधन प्रार्थना पत्र दिया था। उनका कहना था कि ट्रस्ट के संचालन को लेकर 19 जनवरी 1948 को तत्कालीन जिला न्यायालय कुमाऊं में एक योजना तैयार की गई थी। इस योजना को न्यायालय ने डिक्री के माध्यम से घोषित किया था। अमित गुप्ता का तर्क था कि ट्रस्ट की ओर से मुकदमा दायर करने और उसकी पैरवी करने का अधिकार निर्धारित योजना के अनुसार ही तय होना चाहिए। इसलिए इस महत्वपूर्ण तथ्य को जवाबदेह में शामिल करने की अनुमति दी जानी चाहिए।
वहीं, ट्रस्ट की ओर से इस संशोधन का विरोध करते हुए कहा गया कि अमित गुप्ता को संबंधित दस्तावेजों और तथ्यों की जानकारी पहले से थी। उन्होंने मुकदमे के शुरुआती चरण में इन तथ्यों को नहीं उठाया। अब मुकदमा अंतिम बहस के चरण में पहुंचने के बाद संशोधन की मांग करना कार्यवाही में देरी करने का प्रयास है।
दोनों पक्षों को सुनने के बाद अपर जिला जज रजनी शुक्ला ने पाया कि मुकदमे में संबंधित कानूनी मुद्दे पर पहले ही वाद बिंदु निर्धारित किया जा चुका है। इस संबंध में साक्ष्य भी पत्रावली पर उपलब्ध हैं और संबंधित गवाह से जिरह भी हो चुकी है। ऐसे में उन्हीं तथ्यों को दोबारा जवाबदेह में शामिल करना उचित नहीं है।