राजकीय इंटर कालेज कोटद्वार में 12वीं कक्षा में शिक्षा ले रहे एक छात्र के साथ मारपीट करने वाले युवकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर छात्र के परिजन कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए नाराजगी व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने कोतवाली में जमकर हंगामा किया।
बुधवार को जौनपुर निवासी छात्र के परिजनों के साथ स्थानीय लोग और विद्यालय में शिक्षा ले रहे छात्र कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मारपीट के आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। परिजनों ने कहा कि उनका बेटा जीआईसी कोटद्वार में 12वीं की बोर्ड परीक्षा दे रहा है। मंगलवार को दोपहर 1:00 बजे वह पेपर देकर घर आ रहा था। तभी आपराधिक प्रवृति के युवकों ने उनके बेटे और उसके दो अन्य साथियों पर चेन, डंडा और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें उसका बेटा बुरी तरह से घायल हो गया। आरोप लगाया कि उसने उसी समय पुलिस को आरोपी की नामजद तहरीर दे दी थी, लेकिन पुलिस खानापूर्ति के लिए मुकदमा दर्ज कर शांत बैठ गई। कहा कि पुलिस की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें कार्रवाई करने का आश्वासन देकर किसी प्रकार शांत किया।
कोतवाल मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि मारपीट के मामले में एक नामजद आरोपी ओर अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।