कोटद्वार। जाखणीखाल तहसील के चैलूसैंण क्षेत्र के एक गांव में स्कूल से घर लौट रही छात्रा (किशोरी) के साथ मारपीट और दुष्कर्म के प्रयास के मामले की जांच अब रेगुलर पुलिस करेगी। जिलाधिकारी गढ़वाल डाॅ. आशीष कुमार चौहान ने इस आशय के आदेश कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों ने आदेश प्राप्त होने की पुष्टि की है। पुलिस को इस मामले से संबंधित दस्तावेज प्राप्त होने का इंतजार है।बीते एक अक्तूबर को पटवारी सर्किल बिचला ढांगू के चैलूसैंण क्षेत्र के एक गांव में स्कूल से घर लौट रही छात्राओं के साथ शराब में धुत एक युवक ने अभद्रता और अश्लील हरकतें की थी। जिसका एक छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी युवक ने उसके साथ मारपीट कर अश्लील हरकत शुरू कर दी। छात्रा की ओर से मामले की जानकारी परिजनों को दी गई थी, तब एक छात्रा की मां की ओर से उसी दिन शाम को राजस्व पुलिस में मामले की तहरीर दी गई थी। जिस पर क्षेत्रीय राजस्व उपनिरीक्षक सुमन रावत ने मुकदमा पंजीकृत कर पीड़िता को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। मुकदमा दर्ज होने की भनक लगते ही आरोपी युवक अपने गांव से भी फरार हो गया है।
राजस्व पुलिस ने महिला अपराध से जुडे़ इस मामले को संवेदनशील पाते हुए जिलाधिकारी गढ़वाल से इसे रेगुलर पुलिस को सौंपने का आग्रह किया था। जाखणीखाल के नायब तहसीलदार की रिपोर्ट के अनुसार जिलाधिकारी ने इस मामले की जांच रेगुलर पुलिस से कराने के आदेश जारी कर दिए हैं। एएसपी जया बलोनी ने जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश मिलने की पुष्टि की है। कहा कि मुकदमे से संबंधित संपूर्ण पत्रावलियां प्राप्त होते ही इसमें महिला उपनिरीक्षक से जांच शुरू करवा दी जाएगी। कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भिजवाया जाएगा।