कोटद्वार। भाबर रोड पर दुर्गापुर के पास बुधवार देर रात एक ट्रक द्वारा स्कूटर सवार को कुचले जाने के मामले में चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैदइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज हो गया है।
मृतक लीलाधर के भाई दिनेश डबराल ने शुक्रवार को आरोपी ट्रक ड्राइवर के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी ट्रक ड्राइवर विक्रम सिंह निवासी आमसौड़ को हिरासत में ले लिया है। शनिवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस के अनुसार बुधवार देर रात स्कूटर सवार लीलाधर (38) पुत्र सत्यदेव डबराल निवासी नंदपुर पदमपुर मोटाढाक कोटद्वार से एक शादी समारोह से स्कूटर से घर लौट रहा था। दुर्गापुर के पास जशोधरपुर की ओर से आ रहे सरिए से भरे ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस इस मामले में ट्रक को कब्जे में ले चुकी है।
उधर, दुर्गापुर और मोटाढाक क्षेत्र के ग्रामीणों ने क्षेत्र में ओवरस्पीड और ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान चलाकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कहा कि भाबर रोड पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। इसके बावजूद पुलिस-प्रशासन इन मामलों में गंभीरता नहीं दिखा रहा है।