गुमखाल क्षेत्र के ग्राम कस्याली के समीप शनिवार रात एक टाटा सूमो अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। दुर्घटना में वाहन चालक सहित सात युवक घायल हो गए। वाहन में सवार सभी युवक सेना की भर्ती रैली में शामिल होने के लिए कोटद्वार आ रहे थे। सभी घायलों को राजकीय संयुक्त चिकित्सालय कोटद्वार में भर्ती कराया गया है, जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है।
पुलिस ने बताया कि कोटद्वार में आयोजित सेना भर्ती में शामिल होने के लिए चमोली जिले के छह युवक लक्ष्मणझूला से टाटा सूमो में सवार होकर कोटद्वार की ओर आ रहे थे। शनिवार की रात ग्राम कस्याली के समीप वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा।
दुर्घटना में वाहन चालक गैरसैंण निवासी प्रेम सिंह, बीरेंद्र सिंह, विजय सिंह, पंकज गुसाईं, प्रकाश चंद्र, प्रतिमान सिंह, संजय सिंह घायल हो गए। घायलों को आपातकालीन सेवा 108 की मदद से राजकीय संयुक्त चिकित्सालय कोटद्वार लाया गया, जहां चिकित्सकों ने सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई।