दुगड्डा/कोटद्वार। विकासखंड द्वारीखाल के संकुल कांडाखाल में एक रुपया फाउंडेशन एनजीओ की ओर से शगुन खेल महोत्सव 2024 का आयोजन इंटर कॉलेज कांडाखाल के खेल मैदान में किया गया।
उद्घाटन एनजीओ संस्थापक पांशुल भट्ट एवं प्रधानाचार्य सोमप्रकाश कंडवाल ने संयुक्त रूप से किया। एनजीओ संस्थापक पांशुल भट्ट ने कहा कि एक रुपया फाउंडेशन ने कांडाखाल संकुल के समस्त विद्यालयों में शिक्षा प्रणाली को आधुनिक और उच्च बनाने के लिए विगत वर्ष 76 लैपटॉप दिए हैं। उन्होंने कहा कि वे बच्चों के चेहरे पर हमेशा मुस्कान देखना चाहते हैं। खेल महोत्सव में कांडाखाल संकुल के 12 प्राथमिक विद्यालय, चार जूनियर विद्यालय एवं दो इंटरमीडिएट कॉलेज के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
खेलकूद में सीनियर वर्ग की चम्मच दौड़ में राशि कंडवाल, रुमाल छू प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज चाक्यूसैंण, मैं क्या बनना चाहता हूं प्रतियोगिता में आरुषि बिष्ट, मॉडल प्रतियोगिता में प्रियांशु बिष्ट, मेरे लिए कम्प्यूटर की उपयोगिता प्रतियोगिता में आर्यन बिष्ट एवं रस्साकशी प्रतियोगिता में इंटर काॅलेज कांडाखाल प्रथम रहे। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय, तृतीय रहे खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कार दिए गए, जबकि प्रतिभागी सभी खिलाड़ियों को स्टडी टेबल दी गई। इस मौके पर एक रुपया फाउंडेशन की ओर से स्वाति भट्ट, पारस वर्मा, शौर्य बडोला, संकुल प्रभारी पंकज सजवाण, सह संयोजक पंकज भट्ट आदि उपस्थित रहे।