कोटद्वार। नगर निगम की टीम ने गोखले मार्ग पर अतिक्रमण कर खड़े ड्राईफ्रूट के ठेले को कब्जे में लिया, तो ठेला संचालक ने टीम के साथ धक्का-मुक्की करते हुए जमकर उत्पात मचाया। टीम के आक्रामक रवैये को देखकर बाद में युवक खुद ही माफी मांगने लगा। मौके पर भीड़ उमड़ने और हाईवे पर जाम लगने पर टीम ने अतिक्रमण कर दोबारा ठेला नहीं लगाने की चेतावनी देकर युवक को छोड़ दिया।
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे सहायक नगर आयुक्त अजय कुमार अष्टवाल एवं सफाई निरीक्षक सुनील कुमार कुछ कर्मचारियों और निगम का टेंपो व ट्रॉली लेकर गोखले मार्ग पर पहुंच गए। टीम को देखकर फड़ और ठेला संचालकों में अफरा-तफरी मच गई। सफाई निरीक्षक ने ड्राईफ्रूट के एक ठेले पर पहुंचकर चालान काटना शुरू किया, तो ठेला संचालक ने आनाकानी की। जब सहायक नगर आयुक्त ने ठेले पर रखा सामान कब्जे में लेने के निर्देश दिए, तो युवक सफाई निरीक्षक सुनील कुमार और सुरक्षाकर्मी से उलझ पड़ा और उत्पात मचाना शुरू कर दिया।
देखते ही देखते मामले ने तूल पकड़ लिया और काफी भीड़ जमा होने के साथ हाईवे पर जाम लग गया। नगर निगम की टीम युवक को काबू करने में लग गई और मौका देखकर अन्य ठेले वाले मौके से खिसक गए। उत्पात मचा रहे युवक के माफी मांगने पर टीम ने दोबारा ठेला लेकर सड़क पर खड़ा नहीं होने की चेतावनी देकर छोड़ दिया। वहीं, नगर निगम की टीम को देखकर गोखले मार्ग पर अतिक्रमण कर फल और सब्जी की फड़ लगाकर बैठे कारोबारी अपना-अपना सामान उठाकर भाग निकले। दूसरी ओर रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड और मालगोदाम के रास्ते पर अतिक्रमण जस का तस रहा।