श्रीनगर। करवा चौथ पर लंबे समय के बाद बाजार में दुकानदारों के चेहरे पर लौटी रौनक पर मौसम की मार पड़ गई है। शहर में करवा चौथ का सामान बेचने वाले फड़ और ठेलियों सहित लगभग 200 छोटे-बड़े दुकानदारों ने सामान सजाया हुआ है। लेकिन बारिश के कारण बाजार में चहल-पहल नजर नहीं आ रही है। दुकानदारों का कहना है कि रोजमर्रा का सामान बेचने वालों को मौसम से ज्यादा फर्क नहीं पड़ता, लेकिन करवा चौथ का सीजनल व्यापार फीका पड़ने से बड़ा नुकसान झेलना पड़ता है। पिछले दो दिनों से लगातार बारिश होने के कारण फड़ और ठेली संचालक सामान नहीं लगा पा रहे हैं। राधा और ललिता का कहना है, हम बड़ी उम्मीदों के साथ करवा चौथ का सामान लेकर आए थे, जिससे थोड़ी आर्थिकी कमा सकें। बाजार में भीड़ बढ़ने लगी थी, लेकिन मंगलवार और बुधवार की बारिश ने उम्मीदों पर पानी फेर दिया। कई दुकानदारों ने करवा चौथ का माल लाने के लिए पैसे उधार भी लिए थे। कहा, यदि बृहस्पतिवार को भी बारिश नहीं रुकती है तो उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। करवा चौथ के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से भी महिलाएं सामान लेने आती हैं, लेकिन बारिश के कारण वह भी बाजार नहीं पहुंच पा रही हैं। इससे बड़ा नुकसान हो रहा है।