विकासखंड कल्जीखाल में क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, बिजली, सड़क व पेंशन इत्यादि के मामले जोर-शोर से उठाए। बैठक में मांग उठाई गई कि गांवों का दौरा करने के दौरान अधिकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मिलें ताकि वहां की समस्याएं हल हो सकें। बैठक में कई अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जनप्रतिनिधि भड़क गए। इस मामले को प्रमुख क्षेत्र पंचायत महेंद्र राणा ने गंभीरता से लिया।
चर्चा के दौरान कई स्कूलों में अध्यापकों की कमी, क्षतिग्रस्त स्कूलों का सर्वे, नए बने विद्यालयों की स्थिति, मध्याह्न भोजन योजना व पेयजल-शौचालय जैसी समस्याएं जनप्रतिनिधियों ने उठाईं। कहा गया कि प्राथमिक विद्यालय फलदा में चार बच्चों को पढ़ाने के लिए तैनात उर्दू शिक्षक है, जिसे हिंदी नहीं आती है।
समाज कल्याण विभाग की पेंशन लाभार्थियों को नहीं मिलने की बात भी सदन में उठी। इस पर समाज कल्याण अधिकारी ने सदन को बताया कि विभिन्न पेंशनों के लिए पैसा न मिलने के कारण लाभार्थियों को नहीं भेजी जा सकी है।
बड़खोलू, बूंगानहर, कुंडनहर, सारस्यूं तोक बिलखेत की नहरों की मरम्मत किए जाने की मांग भी जनप्रतिनिधियों ने उठाई। लघु सिंचाई विभाग की तीर, बड़खोलू, बसगढ़ी, तोली व लहेड़ा आदि स्थानों में क्षतिग्रस्त गूलों की मरम्मत की भी मांग उठी।
कई जगह सड़े गले पोल न बदले जाने, झुके हुए तारों को ठीक कराने व लो वोल्टेज की समस्या उठाई गई। तमाम गांवों में रोड कटिंग का मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत भी हुई। इस मौके पर ज्येष्ठ प्रमुख महेंद्र कुमार, कनिष्ठ प्रमुख दरबान सिंह, जिला विकास अधिकारी वेदप्रकाश, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. आरके वर्मा, जिला उद्यान अधिकारी डा. नरेंद्र कुमार, जिला सेवायोजन अधिकारी मुकेश रयाल आदि मौजूद रहे।