बीरोंखाल। बीरोंखाल ब्लॉक के प्रतिनिधियों और क्षेत्रीय जनता ने बीरोंखाल के लिए स्वीकृत तहसील का मुख्यालय स्यूंसी में खोलने का विरोध करते हुए ब्लॉक मुख्यालय बीरोंखाल में तहसील कार्यालय बनाने की मांग की है। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मांग पर कार्रवाई नहीं होने पर आगामी पंचायत चुनावों में सत्ता पक्ष के प्रत्याशियों के खिलाफ मतदान करने का अल्टीमेटम दिया है। मांग को लेकर उपजिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा गया।
बुधवार को स्थानीय जनप्रतिनिधियों और तहसील संघर्ष समिति के अध्यक्ष डा. जयदेव सिंह नेगी, यशपाल रावत व मनवर सिंह के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की कि गुपचुप तरीके से स्यूंसी में बनाए गए तहसील कार्यालय को हटाकर तत्काल ब्लॉक मुख्यालय बीरोंखाल में स्थापित किया जाए। कहा कि गुपचुप तरीके से स्यूंसी में तहसील कार्यालय का उद्घाटन किया गया, जिससे क्षेत्रवासी खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 64 ग्राम प्रधान, 21 बीडीसी, दो जिला पंचायत और ब्लॉक प्रमुख के अलावा ज्यादा से ज्यादा लोग स्यूंसी में तहसील कार्यालय बनाने के पक्ष में नहीं है। इस संबंध में 2016 में तत्कालीन जिलाधिकारी ने क्षेत्रवासियों को आश्वासन दिया था कि जनमत के आधार पर ही तहसील कार्यालय स्थापित किया जाएगा, लेकिन क्षेत्रवासियों के विरोध के बावजूद स्यूंसी में तहसील कार्यालय का उद्घाटन कर दिया गया। वहीं उपजिलाधिकारी सौरव असवाल का कहना है कि जल्द ही क्षेत्र का भ्रमण कर दोनों क्षेत्रों को सुचारु रूप से सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे।