पेयजल लाइन पर काम करने के एक साल बाद भी मेहनताना नहीं मिलने से आक्रोशित यमकेश्वर ब्लाक के ग्राम पंचायत भरपूर के ग्रामीणों ने जल निगम कोटद्वार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने श्रमायुक्त से उनका मेहनताना दिलाने और काम करने के दौरान चोटिल हुई महिला को मुआवजा दिलाने की मांग की।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य विजय लखेड़ा के नेतृत्व में भरपूर गांव के ग्रामीण सहायक श्रमायुक्त कार्यालय कोटद्वार पहुंचे और जल निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा कि गत वर्ष फरवरी में जल निगम ने गांव के 13 ग्रामीणों से पेयजल लाइन पर कार्य कराया था। 300 रुपये दिहाड़ी तय होने के बाद ग्रामीणों ने करीब तीन दिन तक पेयजल लाइन पर काम किया था, लेकिन विभाग ने किसी भी ग्रामीण को भुगतान नहीं किया। कार्य करने के दौरान गांव की एक महिला उर्मिला देवी पत्नी पंचम सिंह के पैर में गंभीर चोट आई थी। मुआवजे की मांग करने पर विभाग के अधिकारी चार हजार रुपये देकर चलते बने। कहा कि महिला के पांव के उपचार में अभी तक 50 हजार रुपये खर्च हो चुका है। डाक्टरों ने पांव के ऑपरेशन के लिए 50 हजार रुपये का और खर्चा बताया है। उन्होंने श्रमायुक्त से उनका मेहनताना और उर्मिला देवी के उपचार के लिए एक लाख रुपये का मुआवजा दिलाने की मांग की। इस अवसर पर ग्राम प्रधान चंद्र प्रकाश नेगी, मंगल सिंह, गजेंद्र मोहन धस्माना, दिलवर सिंह, पंचम सिंह, सुमित्रा देवी, उर्मिला देवी और आशीष नेगी आदि मौजूद थे।