नगर के वार्ड नंबर-6 काशीरामपुर तल्ला के नागरिकों ने आवासीय कालोनी में मोबाइल टावर लगाने का विरोध करते हुए तहसील में मोबाइल कंपनी के खिलाफ नारेबाजी कर धरना-प्रदर्शन किया। लोगों ने प्रशासन से मोबाइल टावर लगाने के काम पर रोक लगाने की मांग की।
लोगों ने कहा कि मोबाइल कंपनी आवासीय क्षेत्र में मोबाइल टावर लगाने जा रही है, जिससे क्षेत्र के पर्यावरण के साथ ही जनता के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। इस संबंध में एसडीएम से शिकायत की गई थी। एसडीएम ने कंपनी के अधिकारियों को मंगलवार को वार्ता के लिए बुलाया था, लेकिन कंपनी के अधिकारी वार्ता के लिए नहीं पहुंचे। आरोप लगाया कि निर्माण कार्य पर रोक लगने के बाद भी कंपनी की ओर से रात में टावर लगाने का काम कराया जा रहा है। चेतावनी दी यदि जल्द निर्माण कार्य पर रोक नहीं लगाई गई, तो जनता आंदोलन को बाध्य होगी। धरना प्रदर्शन करने वालों में पार्षद सूरज प्रसाद कांति, विमला बिष्ट, संजना देवी, सरिता नेगी, बबली देवी, किरन बिष्ट, सुषमा देवी, नेहा नेगी, अंजू देवी, सुनीता बिष्ट और नीता गुसाईं आदि मौजूद रहे।