लैंसडौन। छावनी क्षेत्र के अंतर्गत भवनों के लीज रेंट में बेतहाशा वृद्धि से गुस्साए लोगों ने हिंदू पंचायती धर्मशाला के बैनर तले गांधी चौक पर चार घंटे तक धरना दिया। वहीं, गांधी चौक से तहसील तक जुलूस निकालकर रक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम शालिनी मौर्य दिए ज्ञापन में बताया गया कि हिंदू पंचायती धर्मशाला की वार्षिक लीज सात रुपये सालाना से बढ़ाकर 3.49 लाख 696 रुपये कर दी गई है। इसी तरह अन्य भवनों के लीज रेंट में कई सौ गुना वृद्धि की गई है। ज्ञापन में कहा कि केंद्र सरकार ने देश की सभी 61 छावनियों के सिविल इलाकों को विकास की दृष्टि से स्थानीय निकाय में शामिल करने की पहल की थी, लेकिन यह योजना रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों की मनमानी से परवान नहीं चढ़ सकी।
लीज रेंट की राशि जमा न करने पर भवन खाली करने के नोटिस थमाए गए हैं। ज्ञापन में लीज भूमि का स्वामित्व देने, छावनी बोर्ड की व्यवस्था को खत्म कर सिविल इलाकों को स्थानीय निकाय में शामिल करने की मांग की गई।
धर्मशाला समिति के अध्यक्ष दिनेश रावत ने कहा कि अगले चरण में नवंबर में उनका संगठन लीज मामले की ओर रक्षा मंत्रालय का ध्यान खींचने के लिए दिल्ली जंतर मंतर में धरना प्रदर्शन करेगा। इस दौरान सचिव कुलदीप कुमार, प्रबंधक सुशील अग्रवाल, कोषाध्यक्ष संदीप अग्रवाल, राजेश ध्यानी, व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष राजेश्वर गुप्ता, संरक्षक व्यापार मंडल सलीम रहमान, गोविंद वर्मा आदि शामिल रहे।
.
फोटो समाचार
जारी
कुलदीप खंडेलवाल