पूर्व सैनिक संघर्ष समिति ने बेस अस्पताल से चिकित्सकों के स्थानांतरण का किया विरोध
कोटद्वार। राजकीय बेस अस्पताल में फिजिशियन को लेकर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। दरअसल हाल ही में निदेशक पद प्रोन्नति पाने वाले अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन दो माह बाद सेवानिवृत्त हो रहे हैं और दूसरे फिजिशियन को पौड़ी स्थानांतरित किया गया है।
बेस अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 500 से 600 ओपीडी होती हैं। बृहस्पतिवार को पूर्व सैनिक संघर्ष समिति ने बेस अस्पताल से चिकित्सकों के स्थानांतरण के विरोध में आवाज उठाते हुए प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा था। वहीं, क्षेत्रीय नागरिकों विक्रम सिंह रावत, सागर सिंह, बलवीर सिंह रावत, सौरभ कुमार, मोहसिन, मोहम्मद उमर का कहना है कि विगत वर्ष अस्पताल में फिजिशियन की कमी का दंश मरीजों ने लंबे समय तक झेला है। फिजिशियन के स्थानांतरण और सेवानिवृत्ति के बाद एक बार फिर वहीं हालात बन जाएंगे।
इस बाबत प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विजय सिंह ने बताया कि डॉ. शिवम नेगी अभी रिलीव नहीं हुए हैं। निदेशालय से अभी कोई निर्देश नहीं मिले हैं। फिजिशियन की कमी से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है।