पौड़ी जिले के पाटीसैंण से ज्वाल्पा के बीच भूस्खलन से आया मलबा बदरीनाथ जा रहे श्रद्धालुओं के वाहन के ऊपर जा गिरा।
- फोटो : Amar Ujala
पाटीसैंण से ज्वाल्पा के बीच पहाड़ी धंसने से बदरीनाथ धाम की यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं के वाहन पर मलबा आ गिरा। वाहन में सवार चार यात्री और चालक बाल-बाल बचे।
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के बसीकृतपुर निवासी एडवोकेट गंगा रस्तोगी ने बताया कि मंगलवार सुबह वे परिवार के साथ निजी वाहन से बदरीनाथ धाम जा रहे थे। पाटीसैंण से ज्वाल्पा के बीच पहाड़ी धंसने लगी। अचानक वाहन के आगे बड़ा बोल्डर आ गया।
गनीमत रही कि बोल्डर वाहन के ऊपर नहीं गिरा। तभी पहाड़ी से तेजी से मलबा भी गिरने लगा। सभी ने तेजी से वाहन का दरवाजा खोला और बाहर निकल आए। वे लोग सुरक्षित स्थान की भाग गए। इस बीच वाहन मलबे दब गया। सूचना पर पहुंची लोनिवि की जेसीबी ने मलबा हटाया। एडवोकेट रस्तोगी ने बताया कि बदरीनाथ जी की कृपा से वे लोग सकुशल बच गए। अब वे सभी बदरीनाथ धाम के लिए जा रहे हैं।