67 केंद्रों के लिए कार्मिकों को दिया प्रशिक्षण
39 नामांकन पत्र बिके, जमानत राशि जमा होने पर ही नामांकन होगा वैध
दुगड्डा (कोटद्वार)। साझासैंण स्थित दुगड्डा ब्लॉक मुख्यालय सभागार में ग्राम पंचायत उप प्रधान निर्वाचन को लेकर सोमवार को एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में 67 मतदान केंद्रों पर नियुक्त चुनाव कर्मियों एवं सहायक निर्वाचन अधिकारियों (एआरओ) को निर्वाचन प्रक्रिया, नियमावली और मतदान संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में बीडीओ बीडी रतूड़ी ने बताया कि उप प्रधान निर्वाचन के लिए 8 जुलाई से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो चुकी है। अब तक 39 नामांकन पत्रों की बिक्री हो चुकी है। मास्टर ट्रेनर एवं एबीडीओ राकेश ध्यानी ने नामांकन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। बताया कि सामान्य प्रत्याशी के लिए जमानत राशि 750 रुपये, महिला एवं अनुसूचित जाति महिला प्रत्याशी के लिए 375 रुपये निर्धारित की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित जमानत धनराशि जमा किए बिना कोई भी नामांकन पत्र वैध नहीं माना जाएगा। उन्होंने बताया कि उप प्रधान पद के निर्वाचन में किसी प्रकार का आरक्षण लागू नहीं है और सभी 67 मतदान केंद्रों पर निर्वाचन संपन्न कराया जाएगा।