कृषि विभाग की ओर से भाबर क्षेत्र के न्याय पंचायत लछमपुर के अंतर्गत वार्ड नंबर-38 झंडीचौड़ उत्तरी में आयोजित प्रधानमंत्री फसल बीमा सप्ताह पाठशाला में काश्तकारों को योजना की जानकारी दी। कहा कि इसमें किसान को मामूली प्रीमियम जमा करना होता है। अवशेष प्रीमियम सरकार जमा कराती है। नुकसान का पूरा मुआवजा इंश्योरेंस कंपनी देती है।
पाठशाला में कृषि विभाग के दुगड्डा ब्लाक प्रभारी ओमनाथ और इंश्योरेंस कंपनी के प्रभारी छोटेलाल ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के बारे में बताया। इस अवसर पर किसान सलाहकार समिति दुगड्डा के अध्यक्ष व पार्षद सुखपाल शाह ने काश्तकार के लिए योजना को फायदेमंद बताते हुए सभी काश्तकारों से अपनी फसलों का बीमा कराने की अपील की। पार्षद अमित नेगी की अध्यक्षता में आयोजित गोष्ठी में न्याय पंचायत प्रभारी विकास सैनी, जगत सिंह सौंद, कोऑपरेटिव बैंक भीमसिंहपुर के डायरेक्टर गोविंद सिंह, आत्मा योजना के ब्लाक टेक्नोलॉजी मैनेजर शशि मोहन बिंजोला, धर्मचंद, लक्ष्मी देवी, मुन्नी देवी, भुवनेश सिंह आदि मौजूद थे।