संवाद न्यूज एजेेंसी
कोटद्वार। भाबर क्षेत्र के शिवराजपुर ब्रांच पोस्ट ऑफिस में एफडी कराने गई एक महिला के साथ एक पोस्टमास्टर ने चार लाख रुपये की ठगी कर दी। पीड़ित महिला ने पोस्टमास्टर के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में शिवराजपुर निवासी नीलम देवी ने बताया कि वह शिवराजपुर स्थित ब्रांच पोस्ट ऑफिस में पांच साल के लिए चार लाख रुपये की एफडी कराने के लिए गई थी। पोस्टमास्टर ने चार लाख रुपये रखकर उन्हें एक कागज पर लिखकर रसीद पकड़ा दी। इसके बाद वे कई बार पासबुक लेने के लिए गए तो वह पासबुक नहीं आने की बात कर बार बार उन्हें टालता रहा। इसी बीच उसका अन्यत्र स्थानांतरण हो गया।
उन्हें ठगी का एहसास तब हुआ, जब उन्होंने नए पोस्टमास्टर को रसीद दिखाते हुए अपनी पासबुक के बारे में जानकारी ली। नए पोस्टमास्टर ने जांच करने के बाद बताया कि उनका इस पोस्टऑफिस में किसी प्रकार का रिकॉर्ड मौजूद नहीं है। उन्होंने तत्कालीन पोस्टमास्टर को फोन किया तो उसने बताया कि उसने उनके चार लाख रुपये से अपना लोन चुका दिया है। वह नौ जुलाई तक उनका पैसा लौटा देगा। तब से अब तक वह कई तारीख दे चुका है, लेकिन उनके रुपये नहीं लौटा रहा है। पीड़ित महिला ने पुलिस से आरोपी पोस्टमास्टर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और उनकी रकम को ब्याज समेत वापस दिलाने की मांग की है।
एसएसआई जगमोहन रमोला ने बताया कि शिवराजपुर निवासी महिला से चार लाख रुपये ठगी होने के मामले की जानकारी नहीं है। तहरीर प्राप्त होने पर मामले की जांच की जाएगी।