चोरी छिपे पैदल यूपी जा रहे 41 मजदूरों को पुलिस ने रोक लिया और सभी को अलग-अलग जगह क्वारंटीन कर दिया। स्वास्थ्य विभाग ने मजदूरों का थर्मल स्क्रीनिंग की गई, जिसमें सभी स्वस्थ मिले। वहीं मजदूरों ने यूपी के मुख्यमंत्री से उन्हें घर पहुंचाने की मांग की है।
मंगलवार अपराह्न में गिंवई स्रोत में रह रहे यूपी के महाराजगंज जिले के करीब 31 मजदूर चोरी छिपे रेलवे पटरी के रास्ते कौड़िया होते हुए यूपी जा रहे थे। इनमें से 17 मजदूर तो बार्डर पार कर चुके थे, लेकिन 14 मजदूरों के जत्थे को धामपुर पुलिस ने रोक लिया। महाराजगंज निवासी मजदूर शीतल, चंद्र प्रकाश, मुन्ना और सुरेश ने बताया कि रास्ते में उन्हें नजीबाबाद में पुलिस मिली थी, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं कहा। कुछ लोग रेलवे पटरी के रास्ते और कुछ हाईवे होते हुए मुरादाबाद की ओर निकल पड़े। कुछ लोग तो निकल गए हैं, लेकिन उनको पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने मजदूरों को गिंवईस्रोत स्थित एक भवन में क्वारंटीन कर दिया। मंगलवार देर रात को चोरी छिपे यूपी जा रहे 27 मजदूरों के जत्थे को पुलिस ने नजीबाबाद रोड पर अनूप बिहार के पास रोक लिया। एसआई सतेंद्र भंडारी ने बताया कि मजदूरों को वापस ले गए हैं और क्वारंटीन कर दिया है।