पुलिस प्रशासन ने होटल कारोबारियों के साथ बैठक कर जारी की गाइडलाइन
लैंसडौन। अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार ने क्रिसमस और नववर्ष को देखते हुए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था रखने और उल्लास को हुड़दंग का रूप देने वालों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए। सीओ ने लैंसडौन में होटल कारोबारियों के साथ बैठक कर गाइडलाइन जारी की।
बुधवार को हुई बैठक में सीओ निहारिका सेमवाल ने होटल कारोबारियों से कहा कि वे क्रिसमस व नए साल के दौरान होने वाले आयोजनों में अग्नि सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रखें। उन्होंने अग्निशमन अधिकारी को भी निर्देश दिए कि वे संभावित अग्निकांडों को देखते इन स्थलों की व्यवस्थाओं का पहले ही निरीक्षण कर लें। इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाने वालों और हुड़दंगियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के लिए कहा गया।
सीओ ने कहा कि बैरियरों पर सघन चेकिंग के साथ हुड़दंगियों पर कड़ी नजर रहेगी। निर्धारित समय तक ही होटलों में डीजे चलाने की अनुमति होगी। इसका उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। लैंसडौन कोतवाली प्रभारी रमेश सिंह तनवार ने क्रिसमस व नए साल के जश्न के दौरान पूरी तरह सतर्कता बरतने की बात कही।
बैठक में होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सतीजा, संरक्षक सुनील बक्शी, अनुज राजपूत, रचित एलाहाबादी, अशोक सबलोक, संजीव नैनवाल आदि होटल कारोबारियों ने अपनी समस्याएं भी रखीं।