हल्द्वानी में आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में भागीदारी करने के लिए जनपद पौड़ी गढ़वाल के 13 विकासखंडों से प्राथमिक स्तर के 184 स्कूली बच्चों का दल सोमवार को रवाना हुआ।
दुगड्डा समेत पांच ब्लॉक के खिलाड़ी सोमवार को कोटद्वार में स्थित देवी मंदिर से रवाना हुए। तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिताएं 15 अक्तूबर (आज) से शुरू हो रही हैं। अगले तीन दिन तक खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करेंगे।
खंड शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद ने बताया कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से विभिन्न योजनाओं के माध्यम से स्कूली बच्चों को प्रोत्साहित कर रही है और उन्हें अवसर प्रदान कर रही है। अब विद्यार्थी पढ़ाई के साथ साथ खेलों में भी अपना भविष्य बना रहे हैं।
उन्होंने बताया कि हल्द्वानी में जीतकर लौटने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने अध्यापकों को प्रतियोगिता में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विश्वास जताया कि जनपद पौड़ी गढ़वाल के खिलाड़ी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।