संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम कोटद्वार में चल रही श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय टिहरी गढ़वाल की पुरुष वर्ग की दो दिवसीय अंतर महाविद्यालय फुटबाल प्रतियोगिता मेजबान राजकीय पीजी कॉलेज कोटद्वार ने चौथी बार भी अपने नाम की। शुक्रवार को खेले गए संघर्षपूर्ण फाइनल मुकाबले में जसपाल राणा देहरादून कॉलेज को 1-0 से हराया।
पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में तीन बार के चैंपियन राजकीय पीजी कॉलेज कोटद्वार ने पीजी कॉलेज डाक पत्थर को 7-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जसपाल राणा देहरादून कॉलेज ने भक्त दर्शन पीजी कॉलेज जयहरीखाल को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। पहले सेमीफाइनल मुकाबला में राजकीय पीजी कॉलेज कोटद्वार ने हिमालयन इंस्टीट्यूट देहरादून को 4-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में पीजी कॉलेज ऋषिकेश एवं जसपाल राणा अंत तक बराबरी पर रही। अतिरिक्त समय में भी मैच का निर्णय नहीं हो पाया, जिससे मैच का निर्णय पेनल्टी शूट आउट से हुआ, जिसमें जसपाल राणा देहरादून कॉलेज के खिलाड़ियों ने 5-3 से इस मुकाबले को अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबला पीजी कॉलेज कोटद्वार एवं जसपाल राणा देहरादून कॉलेज के मध्य खेला गया। संघर्षपूर्ण मुकाबले में दूसरे हाफ में पीजी कॉलेज कोटद्वार के खिलाड़ी सूरज पुंडीर ने निर्णायक गोल दागकर चौथी बार विश्वविद्यालय चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम की। समापन समारोह में प्रभारी प्राचार्य प्रो. बसंतिका कश्यप, अंतरराष्ट्रीय फुटबाल कोच सुनील रावत, कोटद्वार स्टेडियम के प्रभारी श्याम सिंह डांगी ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व मेडल देकर सम्मानित किया।