नगर निगम के शिवपुर क्षेत्र को पुराने हरिद्वार रोड से जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर पड़े गड्ढों से लोग परेशान हैं। उनका आरोप है कि शिकायत के बाद भी लोक निर्माण विभाग मार्ग की सुध नहीं ले रहा है।
साल 2016 में लोनिवि दुगड्डा की ओर से शिवपुर चौराहा से पुराना हरिद्वार मार्ग तक संपर्क मार्ग का डामरीकरण किया गया था। मरम्मत और देखरेख के अभाव में मार्ग खस्ताहाल हो गया है। बरसाती पानी से डामर उखड़ चुका है। सड़क के गड्ढों पर कई दो पहिया वाहन चालक चोटिल हो चुके हैं।
स्थानीय नागरिक गिरीश चंद्र बड़थ्वाल, राजेंद्र सिंह नेेगी, विक्रम सिंह नेगी का आरोप है कि शिकायत के बाद भी लोनिवि दुगड्डा मार्ग की सुध नहीं ले रहा है। एक साल से सड़क बदहाल है। लोग गड्ढों में हिचकोले खाकर आवाजाही करने को मजबूर हैं। उन्होंने मार्ग का शीघ्र डामरीकरण करने की मांग उठाई है। कहा कि यदि मांग पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।
शिवपुर चौराहा-हरिद्वार रोड संपर्क मार्ग बदहाल है। इस वित्तीय वर्ष में मार्ग के नवीनीकरण का प्रस्ताव किया गया है। जल्द ही मार्ग का निर्माण कार्य कराया जाएगा। -आकृति गुप्ता, सहायक अभियंता, लोनिवि दुगड्डा।