पोखरी-सिमलना बिचला मोटर मार्ग पर चल रही रोड कटिंग के कारण सिमलना तल्ला गांव का पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। इससे लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
दुगड्डा ब्लॉक के पौखाल क्षेत्र के ग्रामीणों ने कार्यदायी संस्था लोनिवि दुगड्डा से रोड कटिंग का कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है। सिमलना तल्ला के ग्रामीण बलवंत सिंह, दलवीर सिंह, थान सिंह, संपत्ति देवी, रामपाल सिंह, राजेंद्र सिंह का आरोप है कि रोड कटिंग के दौरान लोनिवि दुगड्डा ने पैदल मार्ग की सुरक्षा के लिए पुश्ता नहीं बनाया। इस कारण बरसात में पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। स्थिति यह है कि ग्रामीणों को झाड़ियों के बीच से होकर आवाजाही करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि झाड़ियों के बीच पैदल आवाजाही करने में जहां जंगली जानवरों का खतरा बना हुआ है, वहीं लोग खच्चरों से रोजमर्रा का सामान तक नहीं ला पा रहे हैं। उन्हें रोजमर्रा का सामान सिर पर ढोने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने लोनिवि दुगड्डा से रोड कटिंग का कार्य जल्द पूरा कराने की मांग उठाई है।
दोबारा बरसात शुरू होने से रोड कटिंग का कार्य पूरा नहीं हो पाया था। अगले 15-20 दिनों के अंदर रोड कटिंग का कार्य पूरा कर गांव तक सड़क पहुंचा दी जाएगी। - संतोष भारद्वाज, एई लोनिवि दुगड्डा।