भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) का खराब नेटवर्क जयहरीखाल ब्लाक के उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। पिछले कई दिनों से क्षेत्र में बीएसएनएल के नेटवर्क गायब है। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों को हो रही है। नेटवर्क के अभाव में वे ऑनलाइन क्लास नहीं दे पा रहे हैं।
ग्रामीण बलवंत सिंह पटवाल, सुशील चंद्र, धीरेंद्र सिंह, गोविंद सिंह नेगी, महिमानंद, रमेश जोशी, भूपाल गुसाईं आदि ने बताया कि क्षेत्र में आए दिन संचार व्यवस्था प्रभावित रहती है। सबसे अधिक परेशानी शाम के समय होती है। मोबाइल का नेटवर्क ही गायब हो जाता है। चाह कर भी लोग बात नहीं कर पाते हैं। बारिश में तो बुरा हाल हो जाता है। नेटवर्क बंद होने की वजह से ग्राहकों का मोह भंग होने लगा है। इंटरनेट सेवाओं का भी बुरा हाल है। स्थिति यह है कि कई दिनों तक नेटवर्क गायब रहता है। ग्रामीणों ने संचार सेवाएं दुरुस्त करने की मांग उठाई है। बीएसएनएल के जेटीओ सरिता रानी का कहना है कि संचार सेवाएं दुरुस्त करने के लिए अधीनस्थ कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है। जल्द ही क्षेत्र में संचार सेवाएं दुरुस्त कर दी जाएगी।