नगर निगम के आगे नहीं चली दुकानदारों की
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। हाईकोर्ट के आदेश पर नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद अब लोगों ने स्वयं ही अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है। शनिवार को अतिक्रमण हटाने के दौरान नगर निगम के कड़े तेवर को देखते हुए रविवार को दुकानदार बदरीनाथ मार्ग पर सुबह से ही दुकानों के आगे किए गए पक्के निर्माण को तुड़वाते नजर आए।
लोगाें का कहना है कि नगर निगम की जेसीबी अतिक्रमण को कम हटा रही है लेकिन दुकानों का नुकसान अधिक कर रही है। ऐसे स्वयं ही पक्के निर्माण हटवा रहे हैं। इस दौरान करीब 12 दुकानों के आगे घन और फावड़ा लेकर श्रमिक पक्का निर्माण तोड़ते रहे। वहीं हाईवे के दूसरी ओर शनिवार को चले अतिक्रमण अभियान में तोड़े गए निर्माण को व्यापारी समेटते हुए नजर आए। व्यापारियों ने दुकान में आने जाने के रास्ते को समतल किया। नगर आयुक्त कोटद्वार के वैभव गुप्ता का कहना है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रखी जाएगी। चिह्नित अतिक्रमण को लोग स्वयं हटा लें तो अच्छा है। ऐसा नहीं होने पर जेसीबी से अतिक्रमण हटाया जाएगा।