सनेह क्षेेत्र में कोटद्वार बाईपास निर्माण का लोगों ने जमकर विरोध किया। लोगों ने कोटद्वार तहसील में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के खिलाफ प्रदर्शन किया। सुनवाई के लिए तपहुंचीं एडीएम पौड़ी को विरोध पत्र सौंपा। इसमें बाईपास के मौजूदा संरेखण और एनएचएआई के विरोध में आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई। इसके बाद भी बात नहीं बनने पर न्यायालय की शरण जाने की बात कही।
सोमवार को सनेह क्षेत्र में प्रस्तावित बाईपास को लेकर सुनवाई के लिए जिला प्रशासन की ओर से एडीएम पौड़ी इला गिरी कोटद्वार तहसील पहुंचीं। एसडीएम कार्यालय में उन्होंने ग्रास्टनगंज के लोगों की सुनवाई की। प्रदर्शनकारियों में लालपानी, नाथूपुर, बिशनपुर, जीतपुर, रतनपुर और ग्रास्टनगंज के लोग शामिल रहे। इस अवसर पर संघर्ष समिति के अध्यक्ष आशीष रावत, पार्षद अनिल रावत, सुशील बलूनी, सुनीता असवाल, भजन सिंह, सागर, प्रिंस, उमा देवी, ममता देवी मौजूद रहीं।
लोगों को भरोसे में नहीं लेने का आरोप
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कोटद्वार बाईपास निर्माण के लिए भूमि अर्जन का गजट नोटिफिकेशन गांव के लोगों को भरोसे में लिए बिना जारी कर दिया गया। बाईपास के कारण बड़ी संख्या में क्षेत्र के श्रमिक, अनुसूचित जाति और अन्य लोगों के परिवार प्रभावित हो रहे हैं। बाईपास बनने से कई लोग बेघर और भूमिहीन हो जाएंगे।