राष्ट्रीय राजमार्ग खंड की लापरवाही के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर लोग हिचकोले खाकर आवाजाही करने को मजबूर हैं। कोटद्वार से दुगड्डा के बीच कई स्थानों पर सड़क पर गड्ढे पड़े हुए हैं, लेकिन न संबंधित विभाग और ना ही प्रशासन मार्ग की सुध ले रहा है।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोटद्वार से दुगड्डा के बीच के 16 किमी. सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। वाहन गड्ढों से बचते बचाते चल रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारी भी इस मार्ग पर आवाजाही कर रहे हैं, लेकिन सड़क की बदहाली को अनदेखा कर देते हैं। स्थानीय प्रदीप बडोला, जगमोहन सिंह, शशि भूषण अमोली ने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग पर लोगों के जीवन के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। कहा कि एनएच पर बड़े बड़े गड्ढों पर चलना मुश्किल हो गया है। कई बार विभाग और प्रशासन को शिकायत किए जाने के बाद भी गड्ढों को भरने का काम नहीं किया जा रहा है। उधर, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के जेई अनुराग जोशी ने बताया कि बरसात अधिक होने से नालियों पर मलबा जमा हो रहा है। फिलहाल गड्ढों को कच्चे तौर पर और बरसात समाप्त होते ही उन पूरी तरह ठीक कर दिया जाएगा। संवाद