गनीमत रही रात को गिरा पेड़, दिन में हो सकता था बड़ा हादसा
जयहरीखाल। बाजार में सोमवार रात दो अलग-अलग स्थानों पर पेड़ और बोल्डर गिरने से आवाजाही प्रभावित हो गई। जीआईसी का एक बड़ा पेड़ टूटकर पटवारी चौकी की ओर जाने वाले रास्ते पर गिर गया जिससे मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। वहीं राम-हनुमान मंदिर के समीप मुख्य सड़क पर बड़े बोल्डर गिरने से मार्ग से गुजरना खतरनाक हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार जीआईसी परिसर में खड़ा पेड़ देर रात अचानक टूटकर पटवारी चौकी को जाने वाले मार्ग पर गिर गया। गनीमत रही कि घटना रात की होने से बड़ी घटना होने से बच गई। पेड़ गिरने से पटवारी चौकी की ओर जाने वाला रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया। लोगों ने संबंधित विभाग से तत्काल पेड़ को हटाकर मार्ग को खोलने की मांग की है।
इसी दौरान राम-हनुमान मंदिर के समीप मुख्य सड़क पर पहाड़ी से बोल्डर गिर गए। लोगों का कहना है कि मार्ग पर लगातार वाहनों और राहगीरों की आवाजाही रहती है। ऐसे में सड़क पर बोल्डर गिरना गंभीर खतरे का संकेत है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क पर गिरे बोल्डर एवं पेड़ को तत्काल हटाने व संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करने की मांग की है।