द्वारीखाल ब्लॉक के अंतर्गत कांडाखाल-खजरीखाल मोटर मार्ग पर लोनिवि दुगड्डा की ओर से हाल ही में किया गया पैच वर्क उखड़ने लगा है। डामर उखड़ने से बजरी में दोपहिया वाहन फिसल रहे हैं, जिससे ग्रामीण जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर हैं।
समाजसेवी गौरव सुयाल, रविंद्र सिंह, जीतेंद्र सिंह, सुनील सिंह, नीरज कंडवाल, राजेश सिंह आदि ने कहा कि बरसात से कांडाखाल-खजरीखाल मोटर मार्ग खस्ताहाल हो गया था। सड़क पर गड्ढे होने से ग्रामीणों को ब्लॉक मुख्यालय, चैलूसैण बाजार आवाजाही करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की मांग पर लोनिवि दुगड्डा की ओर से 15 दिन पहले ही पैच वर्क का कार्य कराया गया। कहा कि कई जगहों पर पैच वर्क उखड़ने से वहां बजरी के ढेर लग गए हैं, जिससे मार्ग की हालत पहले जैसी हो गई है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से दोबारा पैच वर्क कराने की मांग की है।
.
छाया वाले स्थानों में पैच वर्क उखड़ गया है। वर्तमान में पर्वतीय क्षेत्र का तापमान काफी कम है, जिससे कोलतार पकड़ नहीं कर पा रहा है। सर्दी का सीजन खत्म होने के बाद पुन: पैचवर्क कराया जाएगा। - सत्यप्रकाश, एई लाेनिवि दुगड्डा।