25 दिनों से पेयजल किल्लत से परेशान शिब्बूनगर नारायण कालोनी वासियों का आखिर सब्र का बांध टूट गया। उन्होंने पानी की समस्या का समाधान नहीं होने पर तहसील परिसर में जलसंस्थान के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। पेयजल सुचारु किए जाने के लिए उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
मंगलवार को क्षेत्र पंचायत सदस्य बलभद्रपुर रविंद्र बिष्ट के नेतृत्व में शिब्बूनगर के ग्रामीण तहसील में एकत्र हुए। उन्होंने जलसंस्थान पर उन्हें पेयजल आपूर्ति नहीं करने का आरोप लगाया। कहा कि वे विगत 25 दिनों से पानी के लिए भटक रहे हैं। घर के नलों पर पानी की बूंद भी नहीं टपक रही है। उन्हें पानी के लिए दूसरे मोहल्लों में जाना पड़ रहा है। कहा कि विभाग सर्दियों में लोगों को पानी उपलब्ध नहीं करा पा रहा है तो गर्मियों में क्या हाल होगा। कई बार विभाग के अधिकारियों को इस बारे में मौखिक और लिखित शिकायत कर चुके हैं, लेकिन विभाग के जेई न तो मौके पर पहुंचते हैं और न ही ग्रामीणों की समस्या के लिए गंभीर हैं। चेताया कि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सभी कालोनी वासी अधिशासी अभियंता का घेराव कर उग्र प्रदर्शन को बाध्य होंगे। उन्होने उपजिलाधिकारी से जलसंस्थान के अधिकारियों को निर्देशित करने की मांग की।
इस अवसर पर धनवीर सिंह सजवाण, मंजू रावत, संगीता नेगी, रीता बिष्ट, समैला नेगी, बीना रावत, बीना गुसाईं, सुनीता गुसाईं, राजेेंद्र सिंह बिष्ट आदि मौजूद थे।