टैक्सी यूनियनों की ओर से कैंट प्रशासन से समय मांगे जाने पर कैंट प्रशासन ने पांच अप्रैल तक के लिए पार्किंग शुल्क लिए जाने पर रोक लगा दी है। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि सभी यूनियनों से विचार विमर्श करने के बाद वह अगली बैठक में प्रशासन को अपने निर्णय से अवगत करा देंगे।
बृहस्पतिवार देर शाम तक टैक्सी यूनियनों और कैंट प्रशासन के बीच चली वार्ता बिना किसी नतीजे के समाप्त हो गई। यूनियन पदाधिकारियों का कहना था कि कैंट प्रशासन द्वारा निर्धारित पार्किंग व्यवस्था व पार्किंग शुल्क से वह संतुष्ट नही हैं। कैंट प्रशासन ने कहा कि यात्री टैक्सी के लिए बोर्ड ने ग्रीन फील्ड में निशुल्क पार्किंग की व्यवस्था की है। गांधी चौक पर टैक्सी के लिए निर्धारित पार्किंग पर चार घंटे तक की पार्किंग का शुल्क बीस रुपये से कम करके 15 रुपया किया गया है। उसके बाद हर घंटेे के हिसाब से पांच रुपया पार्किंग फीस लिए जाने का प्रावधान है। यूनियन पदाधिकारी पूर्व की भांति प्रवेश शुल्क लिए जाने पर जोर देते रहे। कहा कि नई पार्किंग फीस से उन पर आर्थिक बोझ पड़ेगा।
कैंट प्रशासन का कहना था कि नगर के विकास के लिए टैक्स बढ़ोतरी की जा रही है जिसके लिए टैक्सी यूनियनों को सहयोग देना चाहिए। इस अवसर पर मुख्य अधिशासी अधिकारी राजीव कुमार, एसडीएम सोहन सैनी, दिनेश रावत, राजेंद्र राणा, सुमित्रा नेगी एसएस चौहान, प्रमोद कुमार, सतीश बिष्ट, कलम सिंह और सुरेश कुमार मौजूद थे।