कोटद्वार। काशीरामपुर तल्ला स्थित नगर निगम की श्री महर्षि कण्व गंगा गोशाला का उद्घाटन रविवार को समारोहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले गो सेवकों को सम्मानित भी किया गया।
श्री गोधाम महातीर्थ पथमेडा लोक पुण्यार्थ न्यास सिरोही की ओर से संचालित इस गोशाला का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने विधि विधान से पूजा-अर्चना के बाद किया। उन्होंने गोशाला का संचालन करने के लिए राजस्थान की संस्था का आभार जताया। उन्होंने कहा कि गोशाला में आकर काफी अच्छा लगा और खुशी है कि अब गोवंश सड़कों पर नजर नहीं आएंगे।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से इस गोशाला में आने का आह्वान भी किया। गोवत्स अश्विनी ने बताया कि 1993 में स्थापित संस्था की वर्तमान में देशभर में 64 गोशालाएं संचालित हो रही हैं। जिसमें 1,52,000 से अधिक गाेवंश को आश्रय दिया गया है। गोसेवक गोपालकृष्ण अग्रवाल, राजेश जदली, प्रशांत बिष्ट, सत्यप्रकाश ढौंडियाल, नीरज ढौंडियाल, इंद्रजीत सिंह रावत, प्रदीप कंडवाल, सालू रावत, सुमित्रा देवी, विक्रांत भंडारी, कड़क पहाड़ी संस्था के अध्यक्ष बबलू नेगी, जसपाल सिंह रावत आदि को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त वैभव गुप्ता, सहायक नगर आयुक्त चंद्रशेखर शर्मा, मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील कुमार, कैटल कैचर वाहन चालक मुकेश कुकरेती को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर गोसेवा आयोग के अध्यक्ष पंडित डॉ. राजेंद्र अणथ्वाल, श्री गोधाम महातीर्थ पथमेड़ा के गोपेश कृष्ण दास महाराज, महंत रवींद्रानंद सरस्वती, सत्य स्वरूप दास, प्रकाश राज पुरोहित, एसडीएम सोहन सिंह सैनी, तहसीलदार साक्षी उपाध्याय और सफाई निरीक्षक परमीत कुमार आदि मौजूद रहे।