वन विकास निगम को आवंटित मालन नदी में खनन सत्र 2020-21 के लिए उपखनिजों की निकासी का कार्य शुरू हो गया है। कार्यदायी संस्था वन विकास निगम 31 मई तक मालन नदी में पुल से नीचे करीब 35.356 हेक्टेयर में खनन का कार्य करेगी।
मंगलवार को मालन नदी गेट पर एसडीएम योगेश मेहरा वन विकास निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक (गढ़वाल) एमजी गोस्वामी, प्रभागीय विक्रय प्रबंधक विजयपाल सिंह, कोटद्वार की रेंजर शीतल वैद्य, तहसीलदार विकास अवस्थी ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर खनन वाहनों को नदी में प्रवेश कराया। क्षेत्रीय प्रबंधक एमजी गोस्वामी ने बताया कि खनन कार्य शुरू होने से जनता के साथ ही सरकारी निर्माण कार्यों के लिए सुगमता से उपखनिज प्राप्त हो सकेगा। प्रभागीय विक्रय प्रबंधक विजयपाल सिंह ने बताया कि मालन नदी में उपखनिजों का चुगान कार्य मई 2021 तक किया जाएगा। इस दौरान 53675 घनमीटर उपखनिज की निकासी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो निर्धारित लक्ष्य प्राप्त कर लिया जाएगा। रेंजर शीतल वैद्य और तहसीलदार विकास अवस्थी ने कहा कि अवैध खनन के विरुद्ध छापा मार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। इस अवसर पर किसान नेता परशुराम समेत क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, वाहन स्वामी एवं खनन श्रमिक मौजूद रहे।