नियंत्रक, विधि माप विज्ञान विभाग ने किया दुकानों का निरीक्षण, शिकायत पाई गई सही
कोटद्वार। चैत्र नवरात्र पर नगर में सजी दुकानों व फड़ों में आस्था के नाम पर जमकर खिलवाड़ हो रहा है। दुकानों व फड़ों में माता के शृंगार के पैकेट में काजल, सिंदूर आदि के केवल रैपर ही रखे गए हैं। एक ग्राहक की शिकायत पर नियंत्रक विधि माप विज्ञान विभाग के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप रावत ने बाजार में कई दुकानों व फड़ों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिकायत सही पाई गई।
प्रभारी बाट माप निरीक्षक प्रदीप रावत ने बताया कि एक ग्राहक की शिकायत पर सोमवार को नगर में दुकानों व फड़ों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान दुकानों में एक कंपनी के माता के शृंगार के पैकेटों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान 10 रुपये के पैकेट में काजल, चूड़ी, सिंदूर, मेहंदी आदि शृंगार का सामान खोला गया तो पैकेट में काजल व सिंदूर का केवल बाहरी रैपर ही मिला और सामान गायब था। उन्होंने कहा कि जिन दुकानों में इस प्रकार के पैकेट बेचते हुए पाए जाएंगे उनके खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।