यमकेश्वर। ग्राम पंचायत रिखेड़ा में गत 20 मई की रात को महिला ग्राम प्रधान के घर में तोड़फोड़ और मारपीट के मामले में राजस्व पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। राजस्व पुलिस ने युवक को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसको पौड़ी जेल भेज दिया है। राजस्व पुलिस इस मामले के दूसरे आरोपी की तलाश में जुट गई है।
राजस्व निरीक्षक हरेंद्र सिंह खत्री ने बताया कि गत 20 मई की रात को पट्टी उदयपुर मल्ला के ग्राम रिखेड़ा निवासी प्रधान दिक्कू देवी की ओर से उनके और उनके दिव्यांग बेटे के साथ मारपीट करने और प्रधानमंत्री शौचालय योजना के तहत बने शौचालय को तोड़ने की जानकारी मिली थी। इस संबंध में पीड़िता की ओर से 21 मई को यमकेश्वर तहसील में कुलदीप लखेड़ा और उसके साथियों के खिलाफ लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इस मामले की जांच के लिए यमकेश्वर के तहसीलदार कैलाश चंद्र बिडालिया ने राजस्व निरीक्षक हरेंद्र सिंह खत्री के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। टीम ने 17 अगस्त को गांव में दबिश देकर मामले के एक आरोपी वीरेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया। राजस्व पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां कोर्ट ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में पौड़ी जेल भेज दिया है। बताया कि मामले के दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जांच टीम में राजस्व उपनिरीक्षक राजपाल सिंह रावत और विदेश तोमर भी शामिल हैं।
उधर, मामले के आरोपी कुलदीप लखेड़ा ने उन पर और उनके साथियों पर लगाए गए सभी आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया है। कहा कि प्रधान के कार्यों की वह पूर्व में शिकायत कर चुके हैं। इसके चलते झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है।