जनरल ओबीसी इंप्लाइज एसोसिएशन से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल बृहस्पतिवार को चौथे दिन भी जारी रही। कोटद्वार में अधिकारियों और कर्मचारियों ने नगर में जुलूस निकालकर सड़कों पर प्रदर्शन किया। यमकेश्वर, लैंसडौन, धुमाकोट और बैजरो में एसोसिएशन से जुड़े कई विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्यबहिष्कार किया।
जनरल ओबीसी इंपलाईज एसोसिएशन से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी कोटद्वार तहसील में एकत्र हुए और पदोन्नति में आरक्षण के विरोध में प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नगर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। जुलूस नगर के मुख्य मार्गों से होता हुआ तहसील पहुंचकर सभा में तब्दील हुआ। सभा में वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार पदोन्नति पर लगी रोक हटाने में आनाकानी कर रही है। आरक्षण की व्यवस्था से योग्य युवा लगातार पिछड़ रहे हैं। इस मौके पर एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया। ज्ञापन में पदोन्नति में आरक्षण समाप्त कर अविलंब सामान्य वर्ग के कर्मचारियों की पदोन्नति का शासनादेश जारी करने की मांग की। धरना प्रदर्शन करने वालों में जितेंद्र बिष्ट, रमेश कठैत, गोपी चंद्र, रवींद्र भारद्वाज, अभिनव दीक्षित, अजीत सिंह, गणेश गौड़, अजय नौटियाल, माधो सिंह रावत, रामचरण जोशी, सीपी बलूनी, गौरी शंकर, अजय बहुखंडी, रेखा सक्सेना, मंजू रावत, कल्पना चौहान, मैत्रेयी धूलिया, सतीश सिंह, रेखा बलूनी, ऊषा चमोली, कुसुम जुयाल, बीना जखमोला आदि शामिल रहे। यमकेश्वर में खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, तहसील और खंड विकास कार्यालय के कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर कार्यालयों में प्रदर्शन किया।
लैंसडौन में अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने धरना दिया। इस मौके पर देवेंद्र बिष्ट, संदीप रावत, रंजन कुमार, नागेंद्र थपलियाल, सुनीता अणथ्वाल सहित कई कर्मचारी नेता मौजूद रहे। सतपुली तहसील में कृषि, सिंचाई, लघु सिंचाई, पीएमजीएसवाई बैजरो के अधिकारी और कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर धरना दिया। बीरोंखाल ब्लाक मुख्यालय में खंड विकास कार्यालय, शिक्षा विभाग, उद्यान विभाग के कर्मचारियों ने धरना दिया। धरने पर बैठने वालों में सुनील कोटनाला, केके बलोदी, प्रताप सिंह और हिमांशु आदि शामिल रहे।