कोटद्वार। बृहस्पतिवार रात को हुई बारिश से लोनिवि दुगड्डा, लैंसडौन, बैजरो की नौ सड़कें बंद रही। सड़कें बंद होने के कारण लोगों को मीलों पैदल आवाजाही करने को मजबूर होना पड़ा। लोनिवि की ओर से जेसीबी मशीनें लगा बंद सड़कों को खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रांतीय खंड लोनिवि लैंसडौन के अंतर्गत द्वारी-सिलगांव मोटर मार्ग, बाघांट-सीला-नैणी-कोटली-पाटली मोटर मार्ग पर मलबा आने के कारण वाहनों की आवाजाही बंद रही। निर्माण खंड लोनिवि दुगड्डा के अंतर्गत पौखाल-दूणी-मांडई मोटर मार्ग, कोटद्वार-रामणी मोटर मार्ग, ताल-बसेरी मोटर मार्ग, चिल्मा-अमोला मोटर मार्ग पर मलबा आने के कारण वाहनों की आवाजाही बाधित रही।
लोनिवि दुगड्डा के अधिशासी अभियंता डीपी सिंह ने बताया कि बंद मार्गों को खोलने के लिए जेसीबी मशीनें भेजी गई है। जल्द ही सभी मार्गों पर यातायात सुचारू कर दिया जाएगा। निर्माण खंड लोनिवि बैजरो के अंतर्गत बैजरो-जोगीमढ़ी-सराईखेत-भगवती तलैया-चौखाल-जसपुरखाल-भंडेली मगेटर मार्ग, भेड़ा-गनगऊ मोटर मार्ग, जीवारी-बिरगना मोटर मार्ग मलबा आने के कारण बंद रहे। संवाद