कोटद्वार। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों ने निजी कंपनी के पीपुल विजन एचआर एप से हाजिरी लगाने की व्यवस्था का विरोध किया। कर्मचारियों ने सीएमओ को ज्ञापन भेजकर व्यवस्था समाप्त करने की मांग की।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के प्रदेश प्रवक्ता कुलदीप सिंह रमोला, प्रदेश संगठन मंत्री अजय रावत, जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने ज्ञापन में कहा है कि स्वास्थ्य केंद्रों में पहले से मैनुअल हाजिरी रजिस्टर और आधार आधारित बायोमेट्रिक हाजिरी व्यवस्था लागू है। ऐसे में तीसरी हाजिरी व्यवस्था लागू करने से कर्मचारियों पर अनावश्यक दबाव बढ़ेगा।
कर्मचारियों ने कहा कि दुर्गम और विषम भौगोलिक परिस्थितियों में सेवाएं देने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय निगरानी की नई व्यवस्था लागू की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी होने तक सभी एनएचएम कर्मचारी एप का सामूहिक बहिष्कार करेंगे और पूर्व की हाजिरी व्यवस्थाओं के तहत उपस्थिति दर्ज कराएंगे।