जाखणीखाल तहसील क्षेत्र के सिलोगी-कड़थी मार्ग पर चट्टान से गिरने पर एक नेपाली श्रमिक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर राजस्व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामे के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। नेपाल में मृतक के परिजनों को फोन पर सूचना दे दी गई है।
जाखणीखाल के राजस्व उपनिरीक्षक उमेश कुमार शर्मा और अमित कुमार ने बताया कि कड़थी निवासी देवचंद ने घटना की सूचना दी। बताया कि सिलोगी कड़थी मार्ग पर काम करने के लिए जीत बहादुर (45) पुत्र सज्जनी सारकी यहां आया हुआ था। रात को काम खत्म होने के बाद पैदल मार्ग से चढ़ाई पार कर कड़थी गांव जा रहा था। कालू कटल तोक में अचानक एक चट्टान से उसका पैर फिसल गया और वह नीचे सड़क पर आ गिरा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक सुमन राणा के कहने पर मदद के लिए आसपास के पटवारी सर्किल के राजस्व कर्मी भी मौके पर पहुंच गए थे। शुक्रवार सुबह पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चैलूसैंण अस्पताल में भेज दिया गया है।