राजकीय मेडिकल कालेज के नवनियुक्त प्राचार्य/डीन प्रो. चंद्रमोहन रावत की प्राथमिकता संकाय सदस्य व विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूर करना, क्लीनिकल मैटीरियल उपलब्ध कराना और निकट भविष्य में प्रत्येक विभाग में पीजी पाठ्यक्रम शुरू कराना है।
कालेज के सहयोगियों और छात्र-छात्राओं से मुलाकात करते हुए प्रभारी प्राचार्य ने अपनी प्राथमिकताएं बताई। कहा कि संस्थान को अग्रणी बनाया जाएगा। यहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापरक शिक्षा और प्रशिक्षण मिले, इसके लिए वह पूरा प्रयास करेंगे।
उन्होंने सभी प्रतिभागियों से पांच बिंदुओं शिक्षा, प्रशिक्षण, शोध, चिकित्सा सेवा और गुणवत्ता पर फोकस करने की अपील की। प्राचार्य ने चिकित्सा क्षेत्र के उद्देश्य और जिम्मेदारियों के बारे में छात्र-छात्राओं को बताया। कहा कि वह संस्थान के प्रति निष्ठावान रहें और पूर्ण मनोयोग से अपनी सेवाएं दें। ताकि जिस मकसद से पर्वतीय क्षेत्र में इस मेडिकल कालेज की स्थापना हुई है, उस लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।
प्राचार्य प्रो. रावत ने दो महापुरुषों वीर चंद्र सिंह गढ़वाली (जिनके नाम से मेडिकल कालेज है) और एचएन बहुगुणा (जिनके नाम से बेस अस्पताल है) की जयंती और पुण्यतिथि को हर्षोल्लास से मनाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा 15 अगस्त और 26 जनवरी के अवसर पर संस्थान के टॉप 5 विद्यार्थी एवं विशेष उपलब्धि वाले फैकल्टी/चिकित्सक को सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर बेस अस्पताल के एमएस सुरेश जैन, प्रो. अमित सिंह, प्रो. रविंद्र बिष्ट, सहायक प्रो. अभिषेक सिंह और एसआर जयदीप नंदी आदि मौजूद थे।