जल निगम के कर्मचारियों की हड़ताल का पौड़ी शहर की पेयजल आपूर्ति के लिए बनी नानघाट योजना पर असर दिखने लगा है। इस योजना के मेन टैंक में नानघाट गदेरे से पानी की पंपिंग नहीं हो पा रही है जिससे इस योजना से पौड़ी में नाममात्र का ही पानी पहुंच पा रहा है।
जल निगम के कर्मचारियों की हड़ताल के कारण बृहस्पतिवार से नानघाट गदेरे से मैन टैंक में पंपिंग नहीं होने से पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही। फिलहाल योजना से मात्र 400 से 500 एलपीएम पानी ही मुख्य टंकी तक पहुंच पा रहा है जबकि सामान्य दिनों में रोज दो हजार से 22 सौ एलपीएम पानी पौड़ी आ रहा था। योजना से पौड़ी पानी कम पहुंचने के कारण शहर में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होनी शुरू हो गई है।
जल संस्थान के अधिशासी अभियंता प्रवीन कुमार सैनी ने बताया कि योजना से पौड़ी में पानी कम पहुंचने के कारण कई जगहों पर शुक्रवार को पानी की आपूर्ति कम हो पाई। उन्होंने बताया कि शनिवार से आपूर्ति व्यवस्था पर इसका ज्यादा प्रभाव पड़ेगा। जल निगम पौड़ी की निर्माण शाखा की अधिशासी अभियंता निशा सिन्हा ने बताया कि निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों की हड़ताल के चलते और बिजली की आपूर्ति न होने से पानी पंप नहीं हो पा रहा है।