चाकीसैंण तहसील परिसर में आयोजित जनता दरबार में ग्रामीणों ने बुआखाल-रामनगर व तिरपालीसैंण-डुंगरी मोटर मार्ग के चौड़ीकरण में काटी गई जमीन का मुआवजा देने की मांग की है। इस मौके पर ग्रामीणों ने जीआईसी चाकीसैंण में नियमित प्रधानाचार्य की तैनाती करने समेत कई समस्याएं जनता दरबार में रखी। जनता दरबार मे ग्रामीणों ने 60 से अधिक शिकायतें दर्ज कराईं। डीएम ने अधिकारियों को शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
श्रीनगर विधायक गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में तहसील के ढाईज्यूली पट्टी का अपेक्षित विकास नहीं होने पर असंतोष जताया गया। उन्होंने बताया कि पट्टी के कई गांव आज भी सड़क सुविधा से नहीं जुड़ पाए हैं। इस मौके पर क्षेत्रवासियों ने अधिकारियों को क्षेत्र की कई समस्याओं से अवगत कराया। कोटा गावं के ग्रामीणों ने कहा कि एनएच 121 के बुआखाल-रामनगर मोटर मार्ग व तिरपालीसैंण-डुंगरी मोटर मार्ग के चौड़ीकरण में लगी जमीन का मुआवजा उन्हें अभी तक नहीं मिल पाया है। उन्होंने शीघ्र मुआवजा देने की मांग उठाई।
इस मौके पर ग्रामीणों ने बमौड़-डोबरी मोटर मार्ग के निर्माण में वन भूमि हस्तांतरण की कार्रवाई करने, प्राथमिक विद्यालय बमौड़ में रेलिंग निर्माण तथा जीआईसी चाकीसैंण में नियमित प्रधानाचार्य की तैनाती करने की भी मांग उठाई। लोगों ने मल्ली गांव की आंगनबड़ी केंद्र के क्षतिग्रस्त मार्ग को शीघ्र दुरुस्त कराने को कहा। बूंखाल मंदिर समिति ने हैंडपंप लगाने, ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित पेयजल आपूर्ति करने समेत कई समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। राजस्व विभाग ने विद्यार्थियों के जाति, मूल निवास समेत कई प्रमाणपत्र भी बनाए। समाज कल्याण, स्वास्थ्य, स्वजल, ग्राम्य विकास, उद्यान, पशुपालन आदि विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनियों के जरिए ग्रामीणों को विभागीय जानकारियां दी गई। इस मौके पर जिलाधिकारी चंद्रशेखर भट्ट, सीडीओ हरक सिंह रावत, एसडीएम थलीसैंण मायादत्त जोशी, डीएफओ लक्ष्मण सिंह, डीडीओ वेद प्रकाश आदि मौजूद थे।