सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज जानकीनगर कोटद्वार के इंटरमीडिएट के छात्र दीपांशु मैंदोला का अंडर-19 राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता के लिए चयन कर लिया गया है। उसका चयन नवंबर में अल्मोड़ा में हुई राज्यस्तरीय बालक हॉकी टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते हुआ।
विद्यालय के प्रधानाचार्य हरिराज सिंह चौहान और व्यायाम शिक्षक सतपाल सिंह असवाल ने बताया कि अंडर-19 राष्ट्रीय बालक-बालिका हॉकी प्रतियोगिता भोपाल में 22 से 25 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। बताया कि अल्मोडा की राज्य स्तरीय बालक हॉकी टूर्नामेंट में पौड़ी जिले से दीपांशु मैंदोला का बेहतरीन प्रदर्शन रहा। टीम मैनेजर नरेश देवरानी ने बताया कि दीपांशु वर्ष 2012 में भी अंडर-14 हॉकी प्रतियोगिता जगदलपुर छत्तीसगढ़ में राज्य का प्रतिनिधित्व कर चुका है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उत्तराखंड की हॉकी टीम 21 दिसंबर को देहरादून से भोपाल के लिए प्रस्थान करेगी।