कोटद्वार तहसील के डाडामंडी क्षेत्र के धुलगांव में नवविवाहिता मेघा (22) दहेज हत्याकांड में पुलिस ने मृतका की सास पदमा देवी को भी गिरफ्तार कर लिया है। सास को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में पौड़ी जेल भेजने के आदेश दिए हैं। कोतवाली पुलिस बुधवार को उसे पौड़ी जेल भेजेगी।
सीओ अनिल जोशी ने बताया कि राजस्व क्षेत्र अजमीर पल्ला-3 के धुलगांव में 11 अक्तूबर को नवविवाहिता मेघा देवी की संदिग्ध हालात में मौत हुई थी। इस मामले में मृतका के पिता प्रकाश डबराल निवासी सुरेंद्रपुर (भेल्डा बड़ा) ने राजस्व पुलिस में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। राजस्व पुलिस से यह मामला जिलाधिकारी के माध्यम से विवेचना के लिए उनके पास आया है। इस मामले में मृतका के पति रोहित को 23 नवंबर को गिरफ्तार किया जा चुका है। मंगलवार को कोटद्वार थाने से महिला पुलिस को गांव भेजकर सास पदमा देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में अब तक दो लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मामले की विवेचना जारी है।