ग्रामीणों ने वन विभाग से कार्रवाई की मांग की
कोटद्वार। द्वारीखाल ब्लॉक के सिलोगी क्षेत्र में बंदरों का उत्पात बढ़ता जा रहा है। सोमवार सुबह घर में ही किशोरी पर तीन बंदरों ने पीछे से हमला कर घायल कर दिया। घटना के बाद से क्षेत्र के लोगों में दहशत है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द बंदरों को पकड़कर समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार सुबह बंदरों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। इस बीच बंदर अनिरुद्ध सिंह नेगी के घर में घुस गए। तीन बंदरों ने अनिरुद्ध की पुत्री अंजली पर हमला कर उसे घायल कर दिया। बंदर बाजार में दुकानदारों का सामान उठाकर ले जा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि करीब दो माह पहले वन विभाग की टीम ने बंदरों को पकड़ने की कार्रवाई की थी लेकिन अब बंदरों का दूसरा झुंड बाजार में पहुंच गया है।इससे क्षेत्र में फिर से समस्या बढ़ गई है। ग्राम प्रधान कर्थी हिमानी देवी, बीडीसी सदस्य सुमित सिलस्वाल, गौरव सुयाल, सुनील जुयाल, संजीव जुयाल, लक्ष्मण सिंह, सरदार सिंह, सूर्यकांत, राकेश और देवेंद्र सिंह ने वन विभाग से जल्द कार्रवाई कर बंदरों के उत्पात से निजात दिलाने की मांग की है।