यमकेश्वर। यमकेश्वर की विधायक ऋतु खंडूड़ी ने क्षेत्र का भ्रमण कर ग्राम टोला में पौध रोपण कार्यक्रम की शुरुआत की। विधायक ने लोगों की समस्याओं को सुना और उनके समाधान का आश्वासन दिया।
मंगलवार को यमकेश्वर की विधायक ऋतु खंडूड़ी ने यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के भ्रमण कार्यक्रम में सबसे पहले नीलकंठ मंदिर में दर्शन किए। वहां पर कांवड मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यमकेश्वर की विधायक ने स्वास्थ्य विभाग को मेले में हर समय दवाइयां, एंबुलेंस तैयार रखने, पुलिस विभाग को नीलकंठ की ट्रैफिक व्यवस्था को हर समय दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके बाद यमकेश्वर की विधायक ने दीउली में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक की जिसमें उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान के बारे में चर्चा की। उन्होंने लोगों को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। इस अवसर पर विधायक ने ग्राम टोला में लालढांग रेंज लैंसडोन वन प्रभाग द्वारा 15 जुलाई से 15 अगस्त तक चलाये जा रहे वृहद पौधरोपण कार्यक्रम का शुभारंभ पौधा लगाकर किया।
इस अवसर पर भाजपा यमकेश्वर के मंडल अध्यक्ष विक्रम सिंह रौथाण, जिला सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष महावीर कुकरेती, ग्राम प्रधान टोला दिनेश भट्ट, विधायक प्रतिनिधि मुकेश देवरानी, विजेंद्र बिष्ट, रेंजर लालढांग रेंज बिरेंद्र पाल सिंह, यूथ भाजपा अध्यक्ष नितिन बडोला, मनोज नेगी, शांतनु बडोला आदि उपस्थित थे।